'समाज को नफरत और तनाव से बाहर निकालना है तो...' इंद्रेश कुमार ने कही बड़ी बात, बोले 'धर्म अलग लेकिन जड़ें और वतन एक'

देश में सामाजिक दूरी, आपसी अविश्वास और नफरत की बढ़ती घटनाओं के बीच मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने राजधानी दिल्ली से एक बड़े सामाजिक अभियान का संदेश दिया है। राजघाट स्थित गांधी स्मृति दर्शन में आयोजित सम्मेलन में ‘आओ जड़ों से जुड़ें’ अभियान को देशव्यापी स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। सम्मेलन का मुख्य संदेश साफ था- भारत में रहने वाले लोगों की पूजा-पद्धति, धार्मिक मान्यताएं और परंपराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन उनकी मातृभूमि, नागरिक पहचान और साझा विरासत उन्हें एक-दूसरे से जोड़ती है।
 

‘आओ जड़ों से जुड़ें’ अभियान में बोले इंद्रेश कुमार

कार्यक्रम में मौजूद सामाजिक, शैक्षणिक और धार्मिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने कहा कि अगर समाज को नफरत और तनाव से बाहर निकालना है तो केवल राजनीतिक बहस से नहीं, बल्कि लोगों के बीच सीधे संवाद और रिश्तों को मजबूत करने से रास्ता निकलेगा। सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोगों ने भारत, भारतीय और भारतीयता के विचार को मजबूत करने तथा समाज में भाईचारा बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के मार्गदर्शक और वरिष्ठ संघ नेता इंद्रेश कुमार ने की।

समाज उन बातों को तलाशे जो लोगों को जोड़ती हैं'

इंद्रेश कुमार ने अपने संबोधन में भारतीय समाज को अपनी जड़ों, इतिहास और साझा विरासत को समझने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का धर्म उसकी आस्था का विषय हो सकता है, पूजा-पद्धति अलग हो सकती है, लेकिन इससे उसकी भारतीय पहचान खत्म नहीं होती। उन्होंने कहा कि भारत की धरती पर रहने वाले लोगों के बीच सदियों से रिश्ते और साझा जीवन रहा है, इसलिए समाज को उन बातों को तलाशना चाहिए जो लोगों को जोड़ती हैं, न कि उन बातों को बढ़ावा देना चाहिए जो उन्हें एक-दूसरे से दूर करती हैं।

हम हिंदुस्तानी थे और हैं: इंद्रेश कुमार

इंद्रेश कुमार ने कहा कि हम हिंदुस्तानी थे और हैं। इस सफर का इम्तेहान हमें रोज और 24 घंटे देना है। उनका कहना था कि भारतीयता केवल कहने की चीज नहीं है, बल्कि इसे अपने व्यवहार, सोच और समाज के प्रति जिम्मेदारी में उतारना होगा। उन्होंने ‘आओ जड़ों से जुड़ें’ अभियान के उद्देश्य को समझाते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने परिवार, अपने पूर्वजों और अपनी वंशावली को जानना चाहिए। उनका कहना था कि जब कोई व्यक्ति यह जानता है कि उसके पूर्वज कौन थे, वे कहां रहते थे और उनकी सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत क्या रही है, तो उसके भीतर अपनी मिट्टी और अपने समाज के प्रति जुड़ाव बढ़ता है।

भारतीयता केवल एक शब्द नहीं...'

उन्होंने कहा कि भारतीयता केवल एक शब्द नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों को जोड़ने वाली भावना है। भारत की तहजीब में अलग-अलग धर्मों, भाषाओं और परंपराओं के लोग सदियों से साथ रहते आए हैं और इसी साझी विरासत ने देश को मजबूत बनाया है। उन्होंने कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि समाज में फैल रही नफरत और अविश्वास के बीच इंसानियत, एकता और अखंडता की आवाज को और मजबूत किया जाए। उनके मुताबिक देश को आगे ले जाने के लिए ऐसी सोच जरूरी है जिसमें व्यक्ति की धार्मिक पहचान का सम्मान हो, लेकिन राष्ट्रीय एकता को सबसे ऊपर रखा जाए।



Comments

Recent News Posts

Live

Muslim Rashtriy Manch